श्रीलंका में धमाके, 158 की मौत, 400 घायल, चर्च और होटलों को निशाना बनाया गया


कोलंबो : एक के बाद एक लगातार 8 धमाकों से पूरा श्रीलंका दहल गया है। रविवार को हुए इन धमाकों में 3 चर्च और 3 फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाया गया है। न्यूज एजेंसी एएफपी ने बताया कि धमाकों में कम से कम 158 लोग मारे गए हैं, जबकि 400 के आसपास घायल हैं। पहला धमाका कोलंबो में सैंट एंटनी चर्च और दूसरा धमाका राजधानी के बाहर नेगोम्बो कस्बे के सेबेस्टियन चर्च में हुआ। वहीं तीसरा धमाका पूर्वी शहर बाट्टिकालोआ के चर्च में हुआ। इसके अलावा जिन होटलों को निशाना बनाया गया है, उनमें द शांगरीला, द सिनामॉन ग्रैंड और द किग्सबरी शामिल हैं। करीब 280 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। न्यूज एजेंसी एएफपी का कहना है कि मरने वालों की सबसे ज्यादा संख्या कोलंबो में है, जहां 3 फाइव स्टोर होटल और एक चर्च को निशाना बनाया गया है। बम धमाके के बाद श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने सुरक्षा समिति की आपातकालीन बैठक बुलाई है। 


यह धमाका उस समय हुआ, जब ईस्टर की प्रार्थना के लिए लोग चर्च में एकत्रित हुए थे। पुलिस ने बताया कि स्थानीय समयनुसार पहला धमाका सुबह 8:45 पर हुआ। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। नेगोम्बो के सेबेस्टियन चर्च ने एक फेसबुक पोस्टर लिखा, 'हमारे चर्च में एक बम धमाका हुआ है। कृपया आइए और हमारी मदद कीजिए।'  श्री लंका राष्ट्रपति के राष्ट्रपति मैथरीपाला सिरीसेना ने कहा कि वह हमले की खबर के बाद से सदमे में हैं। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं वहां के वित्त मंत्री मंगला समरवीरा ने अपनी ट्वीटर पर लिखा, 'हमले में कई निर्दोष लोग मारे गए हैं। यह हमला पूरी तैयारी के साथ किया गया, ताकि हत्या कर अराजकता फैलाई जा सके।' 


 


विदेश मंत्री ने कहा- स्थिति पर नजर, हेल्पलाइन नंबर जारी


श्रीलंका के 3 चर्च और 3 होटलों में धमाके की खबर से करोड़ों भारतीय भी चिंतित हैं। बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग यहां रहते हैं। अभी तक किसी भारतीय के धमाकों की जद में आने की खबर नहीं है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि वह कोलंबो स्थित भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। 


भारतीय दूतावास ने भी ट्वीट करके कहा है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। दूतावास की ओर से ट्वीट किया गया, 'कोलंबो और बट्टीकालोआ में धमाके की खबरे हैं। हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मदद या किसी जानकरी के लिए भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: +94777903082 +94112422788 +94112422789 । श्रीलंका के नंबरों के अलावा इन भारतीय नंबरों पर भी संपर्क कर सकते हैं: +94777902082 +94772234176 


न्यूज एजेंसियों ने स्थानीय मीडिया के हवाले से इस धमाके में दर्जनों लोगों के मारे जाने और सैकड़ों के घायल होने की बात कही है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि उनकी टीम के लोग इसमें हुए नुकसान के बारे में जानकारी इकट्ठा करने की कोशिश कर रहे हैं।