विश्व में सबसे कम उम्र में इंग्लिश चैनल पार करने वाली तैराक बनी गौरवी


उदयपुर :उदयपुर की एक और बेटी नन्ही जलपरी गौरवी सिंघवी ने इंग्लिश चैनल पार कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही 16 वर्षीय गौरवी राजस्थान की दूसरी युवती बन चुकी है, जिसने इंग्लिश चैनल को पार करने का गौरव हासिल किया है। गौरवी इस वर्ष पूरे विश्व में सबसे कम उम्र में इंग्लिश चैनल पार करने वाली तैराक बनी है। गौरवी ने लंदन के समय अनुसार गुरुवार रात 2 बजे डोवर के समुद्र में गोता लगाया और फ्रांस के लिए अपना सफर शुरू किया। गौरव की बात यह है कि इससे पहले भी उदयपुर की ही भक्ति शर्मा ने इंग्लिश चैनल पार कर राजस्थान का मान बढ़ाया था। 


13 घंटे 28 मिनट में प्राप्त किया लक्ष्य


डोवर से फ्रांस तक का 36 किलोमीटर का समुद्री रास्ता इंग्लिश चैनल कहलाता है। इसे पार करना हर तैराक की ख्वाहिश होती है। गौरवी ने इसके लिए कड़ी मेहनत की थी और अब वह इस इंग्लिश चैनल को पार करने में सफल भी हुई है। गौरवी कि सफलता के बाद उदयपुर के लोगों में खुशी का माहौल है। लंदन में उसके साथ मौजूद उसके पिता अभिषेक सिंघवी और मां शुभ सिंघवी समेत कोच महेश पालीवाल खासे उत्साहित हैं। वासे उत्साहित हैं। गौरवी ने इस उपलब्धि को 13 घंटे 28 मिनट में प्राप्त किया है। गौरवी ने इंग्लिश चैनल पूरा करने के बाद समुद्र में तिरंगा फहरा कर अपनी खुशी का इजहार भी किया।