टूंडला विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमपाल सिंह धनगर ने जीत हासिल की


उत्तर प्रदेश की टूंडला विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी  के प्रत्याशी प्रेमपाल सिंह धनगर ने जीत हासिल की है। उन्होंने 17683 मतों से निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी  के महाराज सिंह धनगर को हराया है। बहुजन समाज पार्टी इस सीट पर तीसरे स्थान पर रही। टूंडला से भाजपा की लगातार दूसरी जीत है। इससे पूर्व वर्ष 2017 में प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल जीते थे। लोकसभा चुनाव 2019 में एसपी सिंह के आगरा से लोकसभा सदस्य चुनने के बाद टूंडला विधानसभा सीट खाली हो गई थी। टूंडला उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को मतदान हुआ था।
मंगलवार की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुईए शाम पांच बजे तक गिनती पूरी हो गई। भाजपा प्रत्याशी प्रेमपाल सिंह धनगर 72950 वोट पाकर विजयी बने। सपा प्रत्याशी महाराज सिंह  55267 हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे। बसपा के संजीव चक को 41010 वोट मिले।  मतगणना स्थल पर 10 थाना प्रभारियों के साथ.साथ तीन सीओ सहित काफी पुलिस एवं पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने बिहार और उत्तर प्रदेश उपचुनाव की मतगणना को ध्यान में रखते हुए शहरी क्षेत्र में सतर्कता के निर्देश दिए थे।